उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गंगनानी से आगे धारा कुंड के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने के बाद नदी में समा गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन डबरानी की ओर जा रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बचाव दल ने नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सात लोग सवार थे, जिनमें गुजरात के छह यात्री और एक चालक शामिल थे।
नदी का तेज बहाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां रेस्क्यू अभियान में बाधा बन रही हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। वहीं, पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने के साथ ही मृतकों की पहचान में जुटी है।
