अल्मोड़ा। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 20 से 27 नवंबर तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों की मतदाता सूची का सत्यापन कर रहे हैं और उसमें दर्ज गलतियों को चिह्नित कर रहे हैं।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि यह अभियान 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर चलाया जा रहा है। सत्यापन के दौरान मतदाताओं के नाम एवं अन्य विवरणों में पाई जाने वाली त्रुटियों को ठीक कराने के लिए फॉर्म-8 भरवाया जाएगा। वहीं, एक ही व्यक्ति का नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज होने की स्थिति में फॉर्म-7 के माध्यम से अतिरिक्त प्रविष्टियां हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर को किया जा चुका है। सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी तरह का संशोधन कराने के लिए मतदाता 11 दिसंबर 2026 तक फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 एवं 18 के तहत किसी भी व्यक्ति का नाम एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों या एक ही निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार पंजीकृत नहीं किया जा सकता।
उन्होंने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपनी और परिवार के सभी पात्र सदस्यों की प्रविष्टियों का मतदाता सूची में मिलान अवश्य कर लें। किसी भी प्रकार की गलती मिलने पर निर्धारित समयावधि में संबंधित बीएलओ को आवेदन दें। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों से बचने की भी अपील की।
मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, उप जिलाधिकारी कार्यालय, तहसील कार्यालय और संबंधित बीएलओ के पास उपलब्ध है। इसके अलावा मतदाता भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन सूची देख सकते हैं।
