देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर प्रसन्नता जताते हुए उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़ा होता है।
उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों का सबसे बड़ा दायित्व यह सुनिश्चित करना है कि आमजन को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। सीएम धामी ने कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना जाए और आवश्यक दस्तावेजों व निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दी जाए।
पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। वहीं, आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। ऐसे में क्षति का सही और समयबद्ध आकलन कर प्रभावित परिवारों तक शीघ्र राहत पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति का पालन करने की हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें।
बिना सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज कार्य का तत्परता से निस्तारण करना ही निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ है। सभी अधिकारी इसे अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाएं और नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने की भावना से कार्य करना चाहिए। विशेष रूप से उन लोगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाए, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक है। कार्यक्रम में सचिव राजस्व एसएन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
