नैनीताल जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में एसओजी और लालकुआं पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को 330 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 23 नवंबर को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार गुलफाम हुसैन उर्फ गंगू (34) निवासी आजाद नगर,
बनभूलपुरा, हल्द्वानी को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 330 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ये इंजेक्शन बहेड़ी, बरेली निवासी आरिफ से खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/60/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में भी जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
