अल्मोड़ा। सड़क सुरक्षा को लेकर अल्मोड़ा पुलिस ने जनपदभर में व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस की टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, नगरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रही हैं। इसी क्रम में रविवार, 22 नवंबर को सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत एवं सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में जनपद के समस्त कोतवाली,
थाना एवं यातायात प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान आमजन और युवाओं को सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की अपील की गई।
पुलिस ने बताया कि हेलमेट पहनना केवल यातायात नियमों का पालन करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण उपाय है।
23 नवंबर से होगी वैधानिक कार्रवाई
अल्मोड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 23 नवंबर 2026 से दोपहिया वाहन पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के हेलमेट नहीं पहनने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जनपदभर में लोगों को पहले से जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति दोनों अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा यातायात नियमों का पालन कर अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
