अल्मोड़ा। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) अल्मोड़ा इकाई की ओर से माँ अम्बे इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।


कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सोबन सिंह जीना परिसर के डॉ. सीपी फिलोरिया मौजूद रहे। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई के जीवन संघर्ष और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अदम्य साहस का परिचय देकर देश के सामने राष्ट्रप्रेम और आत्मसम्मान की मिसाल पेश की। उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।


उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझना भी आवश्यक है। युवाओं को महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इस दौरान ABVP कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे और रानी लक्ष्मीबाई के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंग साझा किए।


वक्ताओं ने कहा कि उनका साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति आज भी विशेष रूप से युवा पीढ़ी और छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में छात्रसंघ अध्यक्ष रोहित सिंह कुमल्टा, विभाग संयोजक हर्षित लोहनी, नीरज कांडपाल, चंदन गोस्वामी, दीक्षा रौतेला, चंदा दानू, रोहित दानू, गौरव प्रकाश और आदित्य तिवारी सहित ABVP के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संस्थान के चेयरमैन संदीप सिंह यदुवंशी एवं वाइस चेयरमैन डॉ. प्रीति पाल के सहयोग और उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का समापन वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को नमन करते हुए किया गया।
