अल्मोड़ा। जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी और भतरौजखान पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान मारुति स्विफ्ट डिजायर कार से 25.920 किलोग्राम गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 6 लाख 48 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी सीज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में 18 नवंबर 2026 को थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार और एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मोहान पुलिस सहायता केंद्र से कुमेरिया मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान वाहन संख्या UK 05 B 8787 मारुति स्विफ्ट डिजायर को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से तीन कट्टों में कुल 25.920 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिल्ला सिंह (34) निवासी ग्राम मिलक नोखरीद, स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) और आशीष सिंह (29) निवासी ग्राम दिगोलीखाल,
धुमाकोट, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिल्ला सिंह के खिलाफ पूर्व में भी थाना भतरौजखान में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इस मामले में थाना भतरौजखान में एफआईआर संख्या 29/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गांजे की तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है।
एसएसपी अल्मोड़ा ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। टीम में एसओजी के हेड कांस्टेबल इरशाद उल्ला तथा भतरौजखान थाने के हेड कांस्टेबल आनंद त्रिपाठी, देवेंद्र प्रताप और कांस्टेबल विनोद कुमार शामिल रहे।
