अल्मोड़ा। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ गांव में ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्र पंचायत सदस्य विनीता तड़ागी की पहल पर विभिन्न ग्राम पंचायतों में श्रम कार्ड शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर लाभ उठाया। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों के नए श्रम कार्ड बनाए गए। साथ ही पुराने कार्डों का नवीनीकरण, संशोधन और अपडेट करने के अलावा आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित कार्य भी किए गए।
शिविर ग्राम पंचायत रिखे, ग्राम सभा उजगल, पठोरा, गल्ली बसूरा, डांगीखोला सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए। ग्रामीणों ने बताया कि पहले श्रम कार्ड बनवाने और पुराने कार्डों में संशोधन कराने के लिए अल्मोड़ा जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों खर्च होते थे। गांव में ही शिविर लगने से उन्हें काफी राहत मिली है। इस पहल के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों ने विनीता तड़ागी का आभार जताते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
ग्राम प्रधानों ने कहा कि उनकी सक्रियता और निरंतर प्रयासों से ग्रामीणों को घर के पास ही सरकारी सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों ने समाजसेवी जीवन सिंह तड़ागी का भी आभार व्यक्त किया। क्षेत्र पंचायत सदस्य विनीता तड़ागी ने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी इस तरह के जनहितकारी शिविर आयोजित कराने के प्रयास जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक सुविधाएं पहुंचाना और प्रत्येक जरूरतमंद को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
