बर्ड फ्लू के बढ़ते खतरे से मुर्गियों और पोल्ट्री उद्योग को बचाने की दिशा में भारत को बड़ी कामयाबी मिली है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर 2026 को भोपाल स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) में मुर्गियों के लिए विकसित स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
यह वैक्सीन आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान, भोपाल द्वारा स्वदेशी तकनीक से विकसित की गई है। यह भारत में एच5एन1 (H5N1) अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस के क्लेड 2.3.2.1ए के खिलाफ विकसित अपनी तरह की पहली निष्क्रिय वैक्सीन है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी बयान के अनुसार, बर्ड फ्लू मुर्गियों और अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली गंभीर संक्रामक बीमारी है।
इसके प्रकोप में संक्रमित पक्षियों की मृत्यु दर लगभग 100 प्रतिशत तक हो सकती है। बीमारी फैलने पर बड़े पैमाने पर पक्षियों को मारना पड़ता है और व्यापार पर प्रतिबंध लगने से पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। भारत में वर्ष 2006 में पहली बार बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था। इसके बाद से देश में एच5एन1 और एच5एन8 उपप्रकारों के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं।
इसका असर केवल पोल्ट्री कारोबार तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक व्यापार, पोल्ट्री उत्पादों की कीमतों और किसानों की आजीविका पर भी पड़ता है। मंत्रालय के मुताबिक, बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप देश की जीडीपी वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक प्रभावित कर सकता है। वर्ष 2006 में इसके कारण प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया था।
यह बीमारी सार्वजनिक स्वास्थ्य की दृष्टि से भी चिंता का विषय है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, वर्ष 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में एच5एन1 संक्रमण के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है। वायरस के अध्ययन में सामने आया है कि एच5एन1 का क्लेड 2.3.2.1ए मुर्गियों में बर्ड फ्लू के अधिकांश प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है।
हाल के वर्षों में इसका संक्रमण स्तनधारियों सहित कई पशु प्रजातियों में भी पाया गया है। ऐसे में इस वायरस पर नियंत्रण करना बेहद जरूरी हो गया है। फिलहाल इस क्लेड के खिलाफ कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में भोपाल स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान द्वारा विकसित स्वदेशी वैक्सीन को महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इससे मुर्गियों को एच5एन1 संक्रमण से सुरक्षा देने, पोल्ट्री किसानों के आर्थिक नुकसान को कम करने और वायरस के अन्य पशुओं एवं मनुष्यों तक फैलने के जोखिम को नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
