अल्मोड़ा। जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत सोमवार से डिजिटल स्वगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य समेत कई जनप्रतिनिधियों ने ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का विवरण दर्ज कर स्वगणना में भाग लिया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों ने भी इस अभियान में सहभागिता की।
जनगणना विभाग के अनुसार, जनपदवासी 16 से 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर का इस्तेमाल किया जा सकता है। स्वगणना के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। वहीं, 5 से 9 जनवरी तक संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
स्वगणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर उत्तराखंड और अपनी पसंद की भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर और ओटीपी के जरिए लॉगिन कर मानचित्र पर अपने घर का स्थान चिह्नित करना होगा। परिवार के सदस्यों से जुड़ी जानकारी जैसे नाम, जन्मतिथि, आयु, शिक्षा, मातृभाषा और कामकाज का विवरण दर्ज करना होगा। विवरण जमा करने के बाद प्राप्त स्वगणना आईडी (SE ID) को सुरक्षित रखना अनिवार्य है। प्रगणक के घर पहुंचने पर यह आईडी उपलब्ध करानी होगी,
जिससे ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जा सके। प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और परिवार का सही एवं पूर्ण विवरण दर्ज करें। जनगणना से प्राप्त आंकड़े जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की जरूरतों का आकलन करने और भविष्य की विकास योजनाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
