अल्मोड़ा। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अल्मोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भतरौजखान पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार ऊधमसिंह नगर के दो युवकों को 10.005 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार 125 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार के नेतृत्व में 14 नवंबर की रात पुलिस टीम ने मोहान बैरियर से मरचूला रोड पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK 18 V 0964 पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी में उनके पास मौजूद दो अलग-अलग बैगों से क्रमशः 4.600 किलोग्राम और 5.405 किलोग्राम, कुल 10.005 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद (32 वर्ष) पुत्र राधेश्याम और अजय (31 वर्ष) पुत्र वीरेन्द्र सिंह, निवासी कुण्डेश्वरी रोड, काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ थाना भतरौजखान में मुकदमा संख्या 28/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गांजे की खरीद-फरोख्त और तस्करी के स्रोतों की जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई में अपर उपनिरीक्षक करतार सिंह, हेड कांस्टेबल आनंद त्रिपाठी, श्रवण सैनी और देवेंद्र प्रताप शामिल रहे।
