टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जनपद में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गूलर बाजार के समीप हरिद्वार से चमोली जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गूलर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK09PA-9779 मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे दुर्घटनाग्रस्त हुई। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय पुलिस, प्रशासन तथा ग्रामीणों के साथ संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में SDRF जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे 26 घायलों को रेस्क्यू किया। घायलों को स्ट्रेचर के माध्यम से सड़क तक पहुंचाया गया, जहां से उन्हें एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले 8 लोगों के शवों को भी SDRF की टीम ने बस से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाने के बाद संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान पूरा कर लिया गया। इस भीषण हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
