देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों में वर्दीधारी पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से कुल 1694 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। आयोग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार उत्तराखंड आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष एवं महिला), पीएसी/आईआरबी (पुरुष),
फायरमैन (पुरुष एवं महिला), वन आरक्षी, स्पेशल टास्क फोर्स गाइड्स, बंदीरक्षक, महिला बंदीरक्षक, सचिवालय रक्षक और आबकारी सिपाही के पदों पर चयन किया जाएगा। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर 2026 से शुरू होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी 28 दिसंबर से 30 दिसंबर 2026 तक अपने आवेदन पत्र में संशोधन कर सकेंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए हाईस्कूल प्रमाण-पत्र के साथ आधार कार्ड की दोनों तरफ की छायाप्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा आरक्षण और पर्वतीय क्षेत्र से संबंधित प्रमाण-पत्र भी आवश्यकतानुसार अपलोड करने होंगे।


