अल्मोड़ा। आर्मी पब्लिक स्कूल अल्मोड़ा ने अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता और बेहतर प्रदर्शन के दम पर एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय ने उत्तरी कमान प्रधानाचार्य सम्मेलन-2026 में तीन प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। 18 और 19 नवंबर को आर्मी पब्लिक स्कूल, ओल्ड कैंट प्रयागराज में आयोजित इस सम्मेलन में विद्यालय को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
सत्र 2025-26 की सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्तरी कमान के अंतर्गत प्रथम स्थान हासिल करने पर विद्यालय को मुख्यालय उत्तरी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ की ओर से प्रतिष्ठित रोलिंग ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य सुशील जोशी को उत्कृष्ट नेतृत्व और शैक्षणिक प्रशासन के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रधानाचार्य पुरस्कार से नवाजा गया। इसके साथ ही शिक्षिका माया जोशी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण और उल्लेखनीय योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार प्रदान किया गया।
एक ही मंच पर तीन बड़े सम्मान हासिल करना विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन को दर्शाता है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्य सुशील जोशी ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण, अभिभावकों के सहयोग और विद्यालय प्रबंधन के मार्गदर्शन को दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। आर्मी पब्लिक स्कूल की इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे अल्मोड़ा क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
