अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस का सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। अभियान के तहत पिछले दो दिनों में पुलिस ने कुल 165 लोगों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की है। सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत और सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थाना,
कोतवाली और यातायात पुलिस की टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 133 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों और परिचालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने, तेज गति से वाहन न चलाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी।
वहीं, जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तथा बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे बाहरी व्यक्तियों समेत 32 लोगों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को चेकिंग अभियान लगातार जारी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
