अल्मोड़ा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और दोपहिया वाहन सवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अल्मोड़ा पुलिस की ओर से जनपदभर में चलाया गया 10 दिवसीय विशेष डबल हेलमेट जागरूकता अभियान संपन्न हो गया है। अभियान के तहत पुलिस ने विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन को दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य होने की जानकारी दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत एवं सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में 13 से 22 नवंबर 2026 तक यह अभियान चलाया गया। इस दौरान जनपद के सभी थाना, कोतवाली और यातायात पुलिस की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं और स्कूल स्टाफ को यातायात नियमों की जानकारी दी।
वहीं पुलिस वाहनों के साथ आंचल दुग्ध वाहनों और कूड़ा वाहनों की उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी लोगों को डबल हेलमेट के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा अल्मोड़ा नगर के प्रमुख तिराहों और चौराहों पर लगे पीए सिस्टम तथा सीसीटीवी कंट्रोल रूम से भी लगातार संदेश प्रसारित किए गए। पुलिस ने स्थानीय समाचार पत्रों और अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक एवं इंस्टाग्राम के माध्यम से भी हेलमेट की अनिवार्यता और सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया।
आज से होगी चालानी कार्रवाई-
अल्मोड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 23 नवंबर 2026 से दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले सहसवार के हेलमेट नहीं पहनने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें तथा दोपहिया वाहन पर सफर करते समय चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति, दोनों हेलमेट अवश्य पहनें।
