अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा से स्थानांतरण होने पर निरीक्षक योगेश चन्द्र उपाध्याय और निरीक्षक मदन मोहन जोशी को पुलिस परिवार की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। सोमवार को पुलिस कार्यालय अल्मोड़ा में आयोजित विदाई कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें नई तैनाती के लिए शुभकामनाएं दीं।
निरीक्षक योगेश चन्द्र उपाध्याय का स्थानांतरण जनपद ऊधमसिंहनगर तथा निरीक्षक मदन मोहन जोशी का स्थानांतरण जनपद नैनीताल हुआ है। अल्मोड़ा में तैनाती के दौरान दोनों अधिकारियों ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विदाई समारोह के दौरान एसएसपी ने दोनों निरीक्षकों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और कार्यकुशलता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ किया। उन्होंने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नई तैनाती पर भी बेहतर कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
