अल्मोड़ा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अल्मोड़ा पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। इसी क्रम में यातायात पुलिस की टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान अवैध काली फिल्म लगे तीन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने मौके पर ही तीनों वाहनों से काली फिल्म हटवाते हुए चालकों के चालान किए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर 24 नवंबर को सीओ यातायात बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक यातायात हयात सिंह के नेतृत्व में जनपद में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन वाहनों में नियम विरुद्ध काली फिल्म लगी मिली। यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहनों से काली फिल्म हटवाई और संबंधित चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।
साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन न कराने के प्रति जागरूक किया गया।पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। साथ ही वाहन चालकों से अपने वाहनों में अवैध काली फिल्म और नियम विरुद्ध बदलाव न कराने की अपील की गई।
