देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए पुलिस विभाग में भर्ती का अवसर सामने आया है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने उपनिरीक्षक और समकक्ष पदों पर 200 रिक्तियों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी।
आयोग की ओर से जारी भर्ती विज्ञापन के तहत उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस के 93 पद, उपनिरीक्षक अभिसूचना के 19 पद और प्लाटून कमांडर PAC/IRB के 81 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के 5 और उप आबकारी निरीक्षक के 2 पद भी भर्ती में शामिल किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में संशोधन का मौका भी दिया जाएगा। इसके लिए 4 से 6 जनवरी 2027 तक की तिथि निर्धारित की गई है। भर्ती के लिए चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले अभ्यर्थियों को शारीरिक मानक और दक्षता परीक्षा में शामिल होना होगा। इस चरण में सफल अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा का अवसर मिलेगा।
लिखित परीक्षा 200 अंकों की होगी, जिसके आयोजन की संभावित तिथि 18 अप्रैल 2027 तय की गई है। भर्ती में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवार पात्रता, आयु सीमा, शारीरिक मानक और अन्य जरूरी शर्तों की विस्तृत जानकारी के लिए UKSSSC की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जारी विज्ञापन देख सकते हैं।
