देहरादून। उत्तराखंड शासन ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। 25 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश के तहत प्रदेश के कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) और पुलिस अधीक्षकों (SP) की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल के बाद नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी और चमोली समेत कई जिलों में पुलिस की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है।
तबादला आदेश के अनुसार, नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक नियुक्त किया गया है। वहीं, अर्पण यदुवंशी को नैनीताल का नया एसएसपी बनाया गया है। ऊधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति को एसडीआरएफ सेनानायक की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि मणिकांत मिश्रा जिले के नए एसएसपी होंगे। इसी क्रम में देवेंद्र पींचा को पौड़ी का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे को आईआरबी द्वितीय का सेनानायक बनाया गया है, जबकि सरिता डोबाल को टिहरी की नई एसएसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अन्य नियुक्तियों में पंकज भट्ट को आईआरबी प्रथम बेलपड़ाव का सेनानायक, हरीश वर्मा को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक और अमित श्रीवास्तव प्रथम को अभिसूचना में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। अमित श्रीवास्तव द्वितीय को चमोली का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा विशाखा अशोक भदाणे और जितेंद्र मेहरा को पुलिस मुख्यालय में एसपी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि संदीप पंवार को सुरक्षा एवं अभिसूचना मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। जगदीश चंद्र को बागेश्वर का एसपी तथा शाहजहां जावेद खान को एसपी फायर सर्विस बनाया गया है। शासन की ओर से सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही कार्यभार ग्रहण प्रमाणक पुलिस महानिदेशक के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है। इस फेरबदल को प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था में अहम बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
