अल्मोड़ा। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को विकास भवन सभागार में गोष्ठी एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने संविधान में निहित आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक दायित्वों पर विचार साझा किए। इस दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह के नेतृत्व में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया और संवैधानिक मूल्यों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि संविधान देश की कानूनी व्यवस्था का आधार है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित मूल्यों को आत्मसात कर समावेशी सोच के साथ देश के विकास में योगदान देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर अभियोजन विभाग की ओर से राज्य सरकार द्वारा बनाए गए विभिन्न कानूनों और उनके महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही नागरिक अधिकारों और कानूनी जागरूकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।गोष्ठी में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर अपने विचार रखे। उन्होंने संविधान निर्माण में संविधान निर्माताओं के योगदान को भी याद किया।
वहीं शिक्षकों ने राष्ट्र निर्माण में संवैधानिक मूल्यों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने विभिन्न गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र रावत, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) विजय मनराल, अभियोजन अधिकारी सीमा भेतवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
