अल्मोड़ा। अल्मोड़ा की सियासत में गुरुवार को एक नया राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। अल्मोड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश पदाधिकारी एवं शिक्षाविद अमित जोशी ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।
अमित जोशी के कांग्रेस में शामिल होने को जिले की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। वह पूर्व में आम आदमी पार्टी में प्रदेश स्तर पर जिम्मेदारी निभाने के साथ ही अल्मोड़ा विधानसभा सीट से विधायक का चुनाव भी लड़ चुके हैं। शिक्षाविद के रूप में पहचान रखने वाले जोशी के कांग्रेस में आने से पार्टी को विधानसभा क्षेत्र में नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पार्टी में शामिल होने के बाद अमित जोशी ने कांग्रेस की नीतियों और अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस से जुड़ने का निर्णय लिया। इस अवसर पर अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अमित जोशी की कांग्रेस में एंट्री के बाद अल्मोड़ा में राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से भी इस घटनाक्रम को कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है।
