अग्निवीरों के लिए दिवाली से पहले राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से नियमित सेना में शामिल नहीं हो पाने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीरों को छह साल तक सेवा करने का अवसर मिल सकेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी जानकारी दी। नई व्यवस्था के तहत अतिरिक्त दो साल की सेवा पूरी करने के बाद अग्निवीरों को नियमित सशस्त्र बलों में शामिल होने का एक और मौका मिलेगा। हालांकि, इसके लिए निर्धारित चयन प्रक्रिया और पात्रता मानकों को पूरा करना होगा। सरकार के इस फैसले से पहले बैच के लगभग 18,300 अग्निवीरों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिनका चार साल का कार्यकाल नवंबर और दिसंबर 2026 में पूरा होने वाला है। इससे अग्निवीरों को सेना में सेवा जारी रखने और नियमित सैनिक बनने के लिए अतिरिक्त अवसर मिल सकेगा।
