अल्मोड़ा। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन की पूर्व तैयारियों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने से संबंधित फॉर्म-6 एवं फॉर्म-7 के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की तथा उनका नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा मतदान केंद्रों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं, केंद्रों के भौतिक सत्यापन और निर्वाचन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सभी तैयारियों का बारीकी से परीक्षण करें और किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर उसका तत्काल समाधान करें। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराना सभी अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी को गंभीरता एवं आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन संबंधी समस्त पूर्व तैयारियों का भली-भांति परीक्षण कर लें। यदि किसी स्तर पर कोई समस्या अथवा कमी पाई जाती है, तो उसका समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समस्त व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी, उपजिलाधिकारी स्नेहिल कुंवर सिंह, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी रिंकू बिष्ट, सुनील कुमार, सौम्या गर्ब्याल, याक्षी अरोड़ा उपस्थित रहे।
