नैनीताल। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल ने जनपद के 13 प्रमुख क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं। 6 से 11 नवंबर 2026 तक मनाए जाने वाले दीपावली पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार नैनीताल, भवाली, भीमताल, हल्द्वानी नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र, श्री कैंचीधाम, धारी, लालकुआं, कालाढूंगी, रामनगर, काठगोदाम, बैतालघाट और खनस्यूं में मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी अधिकारियों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेने और पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें। इसके लिए पुलिस अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक कर क्षेत्र की संवेदनशीलता के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
त्योहार के अवसर पर विभिन्न कारणों से विवाद की आशंका वाले स्थानों को चिह्नित कर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि जनपद में सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनी रहे।जिला मजिस्ट्रेट ने आतिशबाजी एवं विस्फोटक पदार्थों के परिवहन, भंडारण और बिक्री पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित नियमों एवं प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन का उद्देश्य आतिशबाजी के दुरुपयोग और असामाजिक तत्वों द्वारा अशांति फैलाने की आशंका को रोकना है। जिला मजिस्ट्रेट ने आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग को सभी फायर ब्रिगेड वाहनों एवं उपकरणों को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हाइड्रेंट्स की जांच कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने को कहा गया है,
ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी समुदायों के सम्मानित नागरिकों, समितियों तथा संबंधित पदाधिकारियों के साथ दीपावली से पूर्व बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विवाद की संभावना वाले मामलों का तत्काल निराकरण करते हुए गंभीर घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए।
सभी तैनात मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने, नियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहने तथा बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त अन्य तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार भी अपनी-अपनी तहसीलों में उपस्थित रहकर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
जिला मजिस्ट्रेट ने संबंधित उप जिला मजिस्ट्रेटों, तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों एवं राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार शांति व्यवस्था हेतु तैनात रहने के निर्देश देते हुए कहा है कि सभी अधिकारी पूर्ण सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि दीपावली का पर्व जनपद में शांति, प्रेम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
