अल्मोड़ा। दीपावली पर्व के मद्देनजर अल्मोड़ा बाजार इस रविवार को खुला रहेगा, जबकि सोमवार को बाजार में पूर्ण बंदी रहेगी। नगर व्यापार मंडल एवं जिला व्यापार मंडल की संयुक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसका उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों को खरीदारी के लिए अतिरिक्त समय उपलब्ध कराना है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि विगत वर्षों की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी सोमवार को बाजार पूरी तरह बंद रखा जाएगा। उन्होंने सभी व्यापारियों से बंदी के निर्णय का पालन करने की अपील की है। नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय वर्मा एवं जिला व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह ने दीपावली के अवसर पर सभी व्यापारियों, क्षेत्रवासियों और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे दीपावली की खरीदारी के लिए स्थानीय बाजार का रुख करें और स्थानीय व्यापारियों का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्थानीय बाजार केवल खरीदारी का स्थान नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक मेलजोल का भी प्रतीक है। स्थानीय व्यापारियों से खरीदारी करने से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है और अनेक परिवारों की आजीविका चलती है।
व्यापार मंडल ने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की कि इस दीपावली स्थानीय बाजार से खरीदारी कर त्योहार की खुशियां बांटें तथा अपने बाजार और स्थानीय व्यापार को मजबूत बनाने में सहयोग करें। नगर व्यापार मंडल एवं जिला व्यापार मंडल, अल्मोड़ा ने सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
