इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए हिंदू सेवा समिति ने थाना बाजार निवासी हंसराज का विश्वनाथ घाट पर पूरे हिंदू रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार कराया। इस दौरान समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने उन्हें सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी। जानकारी के अनुसार, हंसराज बीते करीब 25 वर्षों से थाना बाजार में रहकर पेंटर का काम करते थे।
वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सोमवार सुबह करीब 8 बजे वह अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए। घर से बदबू आने पर मोहल्ले के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद हंसराज का पार्थिव शरीर मकान मालिक जमाल सिद्दीकी एवं हिंदू सेवा समिति को सौंप दिया गया।
इसके बाद सभी ने मिलकर उनके अंतिम संस्कार की व्यवस्था की। इस मानवीय कार्य में मकान मालिक जमाल सिद्दीकी के साथ नूर खान, यासर खान, जैद सिद्दीकी, सद्दाम हुसैन तथा हिंदू सेवा समिति के सदस्य सुशील साह, कमल साह, भैरव गोस्वामी, बलवंत राणा, पवन साह, कमल तिवाड़ी, मनोज वर्मा कांची, नीरज बोरा और पार्षद गुंजन सिंह चम्याल ने सहयोग किया।
समिति के सदस्यों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए हंसराज को सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई दी। इस नेक कार्य के माध्यम से समिति ने समाज को संदेश दिया कि इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं है और प्रत्येक व्यक्ति सम्मानजनक अंतिम विदाई का हकदार है। हिंदू सेवा समिति का यह सेवा कार्य मानवता, सेवा और सामाजिक संवेदनशीलता की भावना को दर्शाता है। हिंदू सेवा समिति का संकल्प – कोई भी व्यक्ति अंतिम विदाई से वंचित न रहे।
