अल्मोड़ा। नगर निगम क्षेत्र के पांडे खोला क्षेत्र में गंदगी और अव्यवस्थित कूड़ा निस्तारण की समस्या को लेकर सोबन सिंह जीना परिसर के छात्रसंघ महासचिव भास्कर गिरी गोस्वामी ने नगर निगम प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में महापौर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की अपील की।

भास्कर गिरी गोस्वामी ने बताया कि पांडे खोला के छात्र-छात्राओं ने उन्हें क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर जमा होने और नियमित सफाई न होने की समस्या से अवगत कराया था। लंबे समय से बनी इस स्थिति के चलते स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने महापौर से क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने, सड़क किनारे और कूड़ेदानों के आसपास जमा कूड़े का तत्काल निस्तारण करने तथा नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इसे बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
छात्रसंघ विद्यार्थियों की समस्याओं के साथ-साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता से उठाता रहेगा। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए पांडे खोला की सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की अपील की। इस दौरान छात्रसंघ महासचिव भास्कर गोस्वामी के साथ निशांत पांडेय, हिमांशु ढौंढियाल और गर्वित मौजूद रहे।
