लोकरंग’ सांस्कृतिक उत्सव के दूसरे दिन नाटकों ने मोहा मन, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का दिखा संगम
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर में आयोजित तीन दिवसीय ‘लोकरंग’ सांस्कृतिक उत्सव के दूसरे दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विज्ञान, विधि, शिक्षा, दृश्यकला और कला संकायों के विद्यार्थियों ने नाटकों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
नाटक प्रस्तुतियों में राजुला-मालूशाही, नशामुक्ति और पलायन जैसे लोक एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों के कलाकारों ने गायन और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।दूसरे दिन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. शेखर चन्द्र जोशी, कार्यक्रम संयोजक प्रो. संजीव आर्य और छात्रसंघ के सदस्यों ने उनका स्वागत किया।कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि संस्कृति हमारी पहचान है। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ और सांस्कृतिक मंडल की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम संस्कृति के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने भविष्य में विश्वविद्यालय के सभी परिसरों से अधिक संख्या में कलाकारों की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही।स्वामी विवेकानंद सभागार में आयोजित नाटक प्रतियोगिता में रंगकर्मी ध्रुव कुमार टम्टा और अजय बेरी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
लोकगीत प्रतियोगिता में डॉ. सबीहा नाज और डॉ. प्रियंका पांडेय, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में डॉ. कौशल और डॉ. तरुण शर्मा निर्णायक रहे।परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्सव में युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिला है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. शेखर चन्द्र जोशी ने कहा कि सभी के सहयोग से विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देखने को मिल रही हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. ए.के. नवीन और डॉ. नीलम ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सांस्कृतिक संयोजक दर्शन कुमार सहित छात्रसंघ के पदाधिकारियों और विश्वविद्यालय के विभिन्न कार्मिकों ने सहयोग दिया।
#अल्मोड़ा #लोकरंग #सांस्कृतिकउत्सव #SSJUniversity #सोबनसिंहजीना #नाटकप्रतियोगिता #उत्तराखंड #कुमाऊं #संस्कृति #AlmoraNews
