दर्दनाक सड़क हादसा : कफड़खान-सिरकोट-शैल मोटरमार्ग पर ट्रैक्टर ट्रॉला खाई में गिरा, दो युवकों की मौत
अल्मोड़ा जिले के ग्राम गधोली (सुन्दरपुर के समीप) कफड़खान-सिरकोट-शैल मोटरमार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर ट्रॉला संख्या UK02CA0073 अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉले में सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई।मृतकों की पहचान चतुर राजी तथा उमेश (22 वर्ष) पुत्र रमेश निवासी अजीतपुर जिला रामपुर के रूप में हुई है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के माध्यम से बेस अस्पताल भेजा गया।पुलिस द्वारा अग्रिम पंचायतनामा एवं अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
