अल्मोड़ा के चितई क्षेत्र की वह रात किसी थ्रिलर से कम नहीं थी। घना जंगल, चारों ओर सन्नाटा और जंगली जानवरों का डर… इसी बीच एक 20 वर्षीय युवक अचानक लापता हो गया।
महाराष्ट्र निवासी जय प्रदीप सुनार अपने दोस्तों के साथ घूमने अल्मोड़ा आया था। सब कुछ सामान्य था, लेकिन रात करीब 12 बजे उसने बिना किसी को बताए होटल छोड़ दिया। दोस्तों को जब इसका पता चला तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने आसपास हर जगह तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। डर और अनहोनी की आशंका के बीच उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही अल्मोड़ा पुलिस और SDRF की टीम हरकत में आ गई। रात का अंधेरा, पहाड़ी इलाका और जंगल का खतरा—हर चुनौती के बीच टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टॉर्च की रोशनी और हौसले के दम पर जवान जंगल के भीतर आगे बढ़ते रहे।
करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद धारानौला क्षेत्र में आखिरकार युवक का पता चला। वह घायल अवस्था में था। रेस्क्यू टीम ने तुरंत उसे प्राथमिक उपचार दिया और सुरक्षित बाहर निकाला।
युवक ने बताया कि उसे अचानक घर की याद आई और वह होटल से निकल गया। लेकिन जंगल में जंगली जानवरों को देखकर वह घबरा गया और भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया।
इस पूरी घटना के बाद उसके दोस्तों ने राहत की सांस ली। अल्मोड़ा पुलिस और SDRF की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ी अनहोनी टाल दी।
