देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए IAS और PCS अधिकारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। 27 नवंबर को जारी आदेश के तहत प्रदेश के 10 अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है। इस बदलाव में अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों के जिलाधिकारियों का भी तबादला किया गया है।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, IAS अधिकारी दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा जिले की कमान सौंपी गई है। अब वह अल्मोड़ा की नई जिलाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगी।
वहीं, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को शासन में नई जिम्मेदारी देते हुए अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग के साथ अपर सचिव, मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त विनीत तोमर को नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
इसी क्रम में निधि यादव को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही अन्य अधिकारियों के विभागों और कार्यभार में भी बदलाव किया गया है।शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को उनकी नई तैनाती के अनुसार तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश जारी किए हैं।
