अल्मोड़ा। आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 28 नवंबर को उत्तराखंड के सभी जनपदों में आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके सफल संचालन को लेकर अल्मोड़ा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी संबंध में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई।
बैठक में मॉक ड्रिल की तैयारियों और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों को लेकर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस अभ्यास को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियां मानकर पूरी गंभीरता के साथ प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा कि आपदा के समय शुरुआती प्रतिक्रिया, विभागों के बीच बेहतर तालमेल, पर्याप्त संसाधनों की उपलब्धता और राहत-बचाव कार्यों का त्वरित संचालन बेहद जरूरी होता है।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य इन्हीं व्यवस्थाओं को परखना और तैयारियों में मौजूद खामियों को सामने लाना है। जिलाधिकारी ने कहा कि अभ्यास के दौरान सामने आने वाली कमियों को चिह्नित कर उनमें समय रहते सुधार किया जाए, ताकि किसी भी वास्तविक आपदा के दौरान जनहानि को कम करने के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, संभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
