अल्मोड़ा। पार्षद वैभव पांडे ने प्रेस में बयान जारी करते हुए प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में सोशल मीडिया के माध्यम से जिला मुख्यालय की सड़कों की जर्जर स्थिति, जगह-जगह गड्ढों और टूटी सतह का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था समय पर सक्रिय होती नजर नहीं आई।
पांडे ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब तक जनप्रतिनिधि या आम जनता आवाज नहीं उठाती, तब तक जिम्मेदार विभाग कार्रवाई नहीं करते। उन्होंने बताया कि इस मामले में अधिशासी अभियंता द्वारा आश्वासन दिया गया है कि एक सप्ताह के भीतर सड़कों पर पेचवर्क और हॉट मिक्स का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।उन्होंने जानकारी दी कि बरेली-अल्मोड़ा-बागेश्वर मार्ग पर हॉट मिक्स तथा धारानौला मार्ग पर पेचवर्क कार्य प्रस्तावित है। हालांकि उन्होंने मांग की कि धारानौला मार्ग पर भी हॉट मिक्स का टेंडर जारी किया जाए, क्योंकि वहां की जनता के साथ किसी प्रकार का भेदभाव उचित नहीं है।
पार्षद ने जेल रोड और अन्य लिंक रोड्स की खराब स्थिति पर भी चिंता जताई और कहा कि इन सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे आम जनता के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से इन सड़कों के लिए भी हॉट मिक्स टेंडर जारी करने की स्पष्ट समयसीमा तय करने की मांग की।पांडे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू नहीं किया गया, तो जनहित में अधिशासी अभियंता का घेराव और तालाबंदी जैसे कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना अब स्वीकार नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर जनआंदोलन भी किया जाएगा।
#Almora #RoadIssue #BreakingNews #UttarakhandNews #PublicIssue #RoadRepair #HotMix #LocalNews #VaibhavPandey #Development
