अल्मोड़ा में जनसुविधा, यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 अप्रैल 2026 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में चौकी प्रभारी धारानौला आनंद बल्लभ कश्मीर द्वारा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान धारानौला क्षेत्र में एक ठेकेदार द्वारा सड़क मार्ग पर निर्माण सामग्री रखकर अतिक्रमण किया गया था, जिससे आमजन की आवाजाही बाधित हो रही थी और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। साथ ही दुर्घटना की संभावना भी बनी हुई थी।पुलिस ने मौके पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की और ₹10,000 का चालान किया।
इसके साथ ही सड़क पर रखी निर्माण सामग्री को हटवाकर मार्ग को सुचारू रूप से बहाल कराया गया। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अल्मोड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
