श्रावणी मेले की तैयारियां तेज: 16 जुलाई से शुरू होगा जागेश्वर धाम का मेला, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
अल्मोड़ा, 1 जुलाई। विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में 16 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले श्रावणी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में परिवहन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, शौचालय, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी मूलभूत सुविधाएं पहले से बेहतर सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे, पार्किंग का प्रभावी प्रबंधन किया जाए तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जागेश्वर धाम आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय लोगों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए श्रावणी मेले का सफल और सुव्यवस्थित आयोजन जनपद की प्रतिष्ठा से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उप जिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल, तहसीलदार एवं जागेश्वर मंदिर समिति की प्रबंधक ज्योति धपवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और हितधारक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
#Almora #JageshwarDham #ShravaniMela #Uttarakhand #DMAlmora #Tourism #BreakingNews #UttarakhandNews
