अल्मोड़ा, 1 जुलाई 2026। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को कोसी बैराज का निरीक्षण कर जलापूर्ति व्यवस्था और बैराज की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति में आ रही सभी समस्याओं का त्वरित समाधान कर जलापूर्ति को शत-प्रतिशत बहाल किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बरसात के दौरान नदी में सिल्टयुक्त पानी आने से जलापूर्ति प्रभावित होती है, इसलिए इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए तेजी से कार्य किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अल्मोड़ा की पेयजल व्यवस्था के लिए कोसी बैराज अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके रखरखाव व संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
अधिशासी अभियंता जल संस्थान नीरज तिवारी ने बताया कि पहली बारिश के बाद पानी में अवसाद (सिल्ट) की मात्रा बढ़ने से जलापूर्ति प्रभावित होती है। विभाग लगातार मरम्मत कार्य, पंप संचालन और आवश्यकतानुसार रोस्टर के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने में जुटा है, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी हो।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सिंचाई मोहन सिंह रावत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
#Almora #KosiBarrage #WaterSupply #DMAlmora #Uttarakhand #BreakingNews #RainAlert #PublicService #UttarakhandNews #AlmoraNews
