अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सल्ट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 11.130 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 78 हजार 250 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी अल्मोड़ा द्वारा जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को मुख्यालय स्तर पर संचालित “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में गुरुवार तड़के अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मर्चूला पुलिस चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल संख्या UK18S-4596 को रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार एक युवक और एक युवती के कब्जे से 11.130 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असीम उर्फ मुन्ना (22 वर्ष) पुत्र नन्हे निवासी कुमाऊं कॉलोनी कचनालगाजी, काशीपुर, जिला ऊधम सिंह नगर तथा सानिया कालरा (19 वर्ष) पुत्री पवन कुमार निवासी गड़ीनेगी, कुंडा, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सल्ट में एफआईआर संख्या 12/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
साथ ही तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक लोमेश कुमार, हेड कांस्टेबल हेमंत मनराल, कांस्टेबल अमरेंद्र कुमार तथा महिला कांस्टेबल पुनीता पाठक शामिल रहे।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
#Almora #SaltPolice #DrugFreeDevbhoomi #OperationPrahar #NDPSAct #UttarakhandPolice #CannabisSeized #CrimeNews #AlmoraNews
