देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तराखंड के कई जिलों के लिए 11 और 12 जून को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत जनपदों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर विशेष सावधानी बरतने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक आवागमन से बचने की सलाह दी गई है।प्रशासन ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने, सड़क अवरुद्ध होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। वहीं विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सुरक्षा उपायों को लेकर सतर्कता बरतने को कहा गया है।राज्य के अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
