उत्तराखंड में आगामी दिनों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के मैदानी क्षेत्रों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। विशेष रूप से हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून जनपदों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस अथवा उससे अधिक रहने का अनुमान है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) उत्तराखंड ने सभी जिलों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रहने तथा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।मौसम विभाग के अनुसार 18 मई को हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, चम्पावत और अल्मोड़ा में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
19 मई को हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने का अनुमान है। वहीं ऊधम सिंह नगर, देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत और निचले चमोली क्षेत्रों में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।20 मई को भी हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।
देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तथा टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चम्पावत और निचले पर्वतीय क्षेत्रों में 30 से 35 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।इसके अलावा 21 और 22 मई को भी हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में अत्यधिक गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई है।SEOC ने सभी जनपदों को निर्देश दिए हैं कि आमजन को हीट वेव से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए।
दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी जनित बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।साथ ही पेयजल आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, स्कूलों, निर्माण स्थलों और बाहरी कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए आवश्यक एहतियाती उपाय करने तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों जैसे संवेदनशील वर्गों के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
