देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने इस दिवाली युवाओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून मेडिकल कॉलेज में आयोजित समारोह में 1459 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र प्रदान किए। इनमें 109 समीक्षा एवं सहायक समीक्षा अधिकारी और 1347 सहायक अध्यापक (एलटी) शामिल हैं।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि किसी भी राज्य की शासन व्यवस्था का आधार उसका सशक्त प्रशासनिक तंत्र होता है। उन्होंने सचिवालय को शासन व्यवस्था का “मस्तिष्क” बताते हुए कहा कि यहां नीतियां बनती हैं और विकास की रूपरेखा तैयार होती है। इस प्रक्रिया में समीक्षा अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक शिक्षक समाज का निर्माता होता है। जब एक बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करता है, तो वह न केवल अपने जीवन को संवारता है बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी अहम योगदान देता है। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों में देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करें। मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार ने 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की है, जो राज्य गठन के बाद किसी भी पूर्ववर्ती सरकार की तुलना में दोगुना से अधिक है। समारोह में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक विनोद चमोली, सचिव रविनाथ रामन, दीपेंद्र चौधरी, निदेशक वंदना गर्ब्याल, डॉ. मुकुल सती सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मोहन बिष्ट ने किया।

