जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शुक्रवार को पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा का स्थलीय निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के खेल मैदान को विकसित करने, जर्जर छात्रावास भवन को आधुनिक पुस्तकालय के रूप में तैयार करने और विद्यालय की समस्त भूमि की पैमाइश एवं सीमांकन कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर, दोनों खेल मैदानों, स्मार्ट क्लास और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने खेल मैदान के समुचित विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही दोनों मैदानों के बीच ऊंचाई के अंतर का तकनीकी परीक्षण कराने और खेल मैदान तक सड़क संपर्क विकसित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर के समग्र विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने पर जोर दिया।
उन्होंने मैदान में स्थित पुराने मंच को हटाकर खेल गतिविधियों के अनुकूल सुविधाएं विकसित करने को कहा। वहीं, परिसर में स्थित पुराने एवं जर्जर छात्रावास भवन का जीर्णोद्धार कर उसे आधुनिक पुस्तकालय के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। इसके अलावा विद्यालय परिसर में मौजूद पुराने और अनुपयोगी शौचालयों को तत्काल ध्वस्त करने तथा स्वच्छता,
सुरक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने स्मार्ट क्लास में डिजिटल शिक्षण व्यवस्था, कक्षाओं में उपलब्ध फर्नीचर और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पिछले भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर खेल सुविधाएं और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से विद्यालय के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाएं। निरीक्षण के दौरान दर्जा राज्यमंत्री कुंदन सिंह लटवाल, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हर्षित गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी हरीश रौतेला, दशहरा समिति के पदाधिकारी अजीत सिंह कार्की एवं वैभव पांडे सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
