अल्मोड़ा। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का गांधी पार्क में चल रहा धरना-प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि करने और लंबे समय से लंबित अवशेष मानदेय का जल्द भुगतान करने की मांग उठाई।
धरने पर बैठी आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण और स्वास्थ्य जागरूकता सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं। इसके बावजूद उन्हें उनकी मेहनत के अनुरूप मानदेय नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा मानदेय से परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। वहीं, कई कार्यकर्ताओं का बकाया मानदेय भी लंबे समय से लंबित है। आशा कार्यकर्ताओं ने सरकार से जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
