हल्द्वानी। गौला और नंधौर नदी में खनन कार्य से जुड़े वाहन स्वामियों को राहत देते हुए जिला प्रशासन ने 481 खनन वाहनों के स्वामित्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में गौला नदी के 431 और नंधौर नदी के 50 खनन वाहनों का स्वामित्व बदला गया है।
खनन समिति के माध्यम से पूरी की गई इस प्रक्रिया में मृतक वाहन स्वामियों के आश्रितों को भी राहत दी गई है। ऐसे वाहन स्वामियों के वाहनों का स्वामित्व उनके आश्रितों के नाम पर स्थानांतरित किया गया है, जिससे परिवारों को वाहन संचालन और अन्य औपचारिकताओं में सुविधा मिल सकेगी। जिला प्रशासन की इस पहल से खनन कारोबार से जुड़े वाहन स्वामियों को बड़ी राहत मिली है।
स्वामित्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित वाहन स्वामी नियमानुसार अपने वाहनों का संचालन कर सकेंगे।
