अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा अल्मोड़ा सांगठनिक जिले में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। इसके तहत जिले के सभी 15 मंडलों के 120 शक्ति केंद्रों पर 13 से 15 नवंबर तक राज्य स्थापना दिवस सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने बताया कि इन सम्मेलनों के माध्यम से उत्तराखंड राज्य निर्माण के संघर्ष, आंदोलनकारियों के बलिदान और पृथक राज्य के निर्माण में भाजपा की भूमिका को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही प्रदेश की 26 वर्षों की विकास यात्रा पर भी चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों में जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल होंगे। वरिष्ठ पदाधिकारी वक्ता के रूप में राज्य निर्माण से लेकर वर्तमान विकास कार्यों तक की जानकारी साझा करेंगे।
नयाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, रोजगार और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। इन सम्मेलनों का उद्देश्य नई पीढ़ी को उत्तराखंड के गौरवशाली इतिहास और आंदोलनकारियों के योगदान से परिचित कराना भी है।
उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने तथा स्थानीय नागरिकों से सम्मेलनों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
