देहरादून स्थित दून मेडिकल कॉलेज से रैगिंग का मामला सामने आया है। एमबीबीएस 2025 बैच के दो जूनियर छात्रों के साथ 2023 और 2024 बैच के सीनियर छात्रों द्वारा रैगिंग किए जाने की शिकायत के बाद कॉलेज प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं।
कॉलेज की एंटी-रैगिंग कमेटी द्वारा की गई जांच में आरोप सही पाए जाने पर प्रशासन ने कुल 9 सीनियर छात्रों को दोषी ठहराते हुए निष्कासन की कार्रवाई की है।
इनमें से दो छात्रों पर 50-50 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया गया है, जबकि 7 छात्रों को एक महीने के लिए कॉलेज और तीन महीने के लिए हॉस्टल से निष्कासित किया गया है।
इस मामले पर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने स्पष्ट कहा कि दून मेडिकल कॉलेज पूरी तरह रैगिंग मुक्त संस्थान है और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन किया जाता है। उन्होंने बताया कि रैगिंग रोकने के लिए कॉलेज परिसर में जागरूकता पोस्टर लगाए गए हैं और प्रशासन लगातार निगरानी रखता है।
प्राचार्य ने यह भी कहा कि रैगिंग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
