जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आगामी दिसंबर माह में दो दिवसीय विंटर कार्निवल का आयोजन किया जाएगा। कार्निवल की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के साथ ही विभिन्न गतिविधियों और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रस्तावित विंटर कार्निवल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, म्यूजिक बैंड की प्रस्तुतियों, स्टार नाइट, फूड फेस्टिवल, फोटोग्राफी प्रतियोगिता और खेलकूद प्रतियोगिताओं सहित कई मनोरंजक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इससे स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को अपनी कला एवं हुनर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। साथ ही जनपद में पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि विंटर कार्निवल का आयोजन आकर्षक और सुव्यवस्थित तरीके से किया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों के साथ ही बाहर से आने वाले पर्यटक भी इसका भरपूर आनंद उठा सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने तथा आयोजन स्थलों के चयन सहित सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने को कहा, ताकि कार्निवल का सफल एवं भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास के.एन. तिवारी, उप जिलाधिकारी संजय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
