पातालदेवी क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को विस्तार देने और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शुक्रवार को पातालदेवी स्थित अल्मोड़ा हैंडलूम स्वयं सहायता समूह की उत्पादन इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला बुनकरों से बातचीत कर हस्तकरघा उत्पादों के निर्माण, कच्चे माल की उपलब्धता और विपणन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महिला बुनकरों के कार्यों को करीब से समझा और उनकी आवश्यकताओं एवं चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बुनकरों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने पातालदेवी क्षेत्र को पर्यटन कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने की योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EOI) आमंत्रित किए जाएंगे।
इसके माध्यम से इच्छुक पक्षों से प्रस्ताव प्राप्त किए जाएंगे। प्रस्तावों के आधार पर क्षेत्र में साहसिक पर्यटन समेत विभिन्न पर्यटन एवं व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि पातालदेवी की पर्यटन संभावनाओं को विकसित कर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खोले जा सकते हैं। इससे क्षेत्र के हस्तकरघा उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा और महिला स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यटन विकास की योजना के साथ-साथ महिला बुनकरों को उत्पादन एवं विपणन के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जाए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभारी महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र शुभम तोमर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
