उत्तराखंड के विकास को गति देने की दिशा में शुक्रवार को प्रदेश को बड़ी सौगात मिली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड राज्योत्सव के तहत परेड ग्राउंड, देहरादून में कुल 1475.31 करोड़ रुपये की लागत वाली 62 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 1073.11 करोड़ रुपये की 44 योजनाओं का शिलान्यास और 402.20 करोड़ रुपये की 18 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ ही ऊर्जा, पेयजल, सड़क, शहरी विकास, शिक्षा और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को मजबूती देने का प्रयास किया गया है। योजनाओं के विभागवार विवरण के अनुसार ऊर्जा विभाग के अंतर्गत यूपीसीएल की 472.33 करोड़ रुपये की 20 परियोजनाओं का शिलान्यास और 77.93 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
इन कार्यों से प्रदेश की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने और बिजली से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार करने में मदद मिलेगी।पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पेयजल निगम की 191.17 करोड़ रुपये की आठ योजनाओं का शिलान्यास तथा 82.03 करोड़ रुपये की पांच योजनाओं का लोकार्पण किया गया। वहीं, जल संस्थान की 62.30 करोड़ रुपये की दो योजनाओं की आधारशिला रखी गई। लोक निर्माण विभाग की 18.78 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास और 99.68 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया।
शहरी विकास विभाग की 92.25 करोड़ रुपये की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा 10.95 करोड़ रुपये की एक योजना का उद्घाटन हुआ। इन परियोजनाओं में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के मद्देनजर हरिद्वार में सड़क, पुल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्य भी शामिल हैं।शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया।
तकनीकी शिक्षा विभाग की 35.06 करोड़ रुपये की एक योजना का शिलान्यास और 61.98 करोड़ रुपये की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें नई टिहरी के राजकीय पॉलिटेक्निक में भवन निर्माण का कार्य शामिल है। उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत 19.01 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अगस्त्यमुनि में पीजी ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा।
पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग की 43.70 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें टिहरी की डोबरा-चांठी पार्क परियोजना और श्री हेमकुण्ड साहिब रोपवे परियोजना के लिए विद्युत आपूर्ति से संबंधित कार्य शामिल हैं। सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए गृह विभाग की 68.27 करोड़ रुपये की दो परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई।
इसके तहत देहरादून में 31.63 करोड़ रुपये की लागत से साइबर उत्कृष्टता केंद्र और हल्द्वानी में 36.64 करोड़ रुपये की लागत से फायर स्टेशन के आवासीय भवनों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा डेयरी विकास विभाग की 48.21 करोड़ रुपये की परियोजना का शिलान्यास किया गया। इसके तहत सितारगंज में मिल्क पाउडर प्लांट, आइसक्रीम प्लांट और बेकरी यूनिट स्थापित की जाएगी।
आवास विभाग की 10.59 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास और 12.48 करोड़ रुपये की योजना का लोकार्पण किया गया। वहीं, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग की 11.44 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग की 57.15 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इन विकास परियोजनाओं से प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
सरकार की इन पहलों से आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रदेश के समग्र विकास को नई गति देने में मदद मिलेगी।
