उत्तराखंड में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बीएस-06 उत्सर्जन मानकों से युक्त इन बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिलेंगी।
नई बसों का आवंटन प्रदेश के तीन मंडलों में किया गया है। इनमें नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर मंडल को 20 और देहरादून मंडल को 20 बसें मिली हैं। इनका संचालन विभिन्न मार्गों पर यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ गांवों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बेहतर सड़क संपर्क के साथ मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नई बसों के शामिल होने से परिवहन निगम की सेवाओं में सुधार होगा और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत बनेगा। इससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में कुल 1,276 बसें संचालित हैं। इनमें 891 निगम की अपनी और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। नई बसों के जुड़ने से निगम की परिवहन सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। साथ ही बीएस-06 मानकों वाली बसें पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक होंगी।
मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग और निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को बेहतर परिवहन सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग एवं उत्तराखण्ड परिवहन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों के निवासियों को नई बस सेवाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखण्ड का प्रत्येक क्षेत्र बेहतर परिवहन सुविधाओं से जुड़े और विकास की यात्रा में कोई भी क्षेत्र पीछे न रहे।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग एवं उत्तराखण्ड परिवहन निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
